मध्य प्रदेश को यूं ही “अजब-गजब” नहीं कहा जाता, यहां आए दिन ऐसे मामले सामने आते हैं जो हैरान भी करते हैं और चर्चा का विषय भी बन जाते हैं। ऐसा ही एक अनोखा और चौंकाने वाला मामला जबलपुर के लॉर्डगंज थाना परिसर से सामने आया है, जहां पुलिस ने ड्राइवर के खिलाफ धारा 185 के तहत यानी शराब पीकर गाड़ी चलाने का मामला दर्ज कर चार पहिया वाहन को हथकड़ी पहनाकर थाने में खड़ा कर दिया। इस दृश्य का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। क्योंकि जो हथकड़ी अपराध करने के वाले आरोपियों को पहनाइ जाती है वह हथकड़ी चार पहिया वाहन को पहनाई गई और उसे पुलिस थाने के सीसीटीवी के सामने रखा गया।
दरअसल लॉर्डगंज थाने के सीसीटीवी कैमरे के सामने खड़ी सफेद रंग की अर्टिगा कार के दरवाजे में हथकड़ी लगी हुई नजर आ रही है। आमतौर पर अपराधियों को पहनाई जाने वाली हथकड़ी जब एक कार में लगी दिखाई दी, तो लोग हैरान रह गए। पहली नजर में ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो पुलिस ने किसी बड़े अपराधी को गिरफ्तार कर थाने में खड़ा कर दिया हो, लेकिन आरोपी कोई इंसान नहीं बल्कि एक कार थी।