ग्वालियर में एक एयरफोर्स अधिकारी की 12 वर्षीय बेटी के स्कूल से अचानक लापता होने से परिवार, स्कूल प्रबंधन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा छुट्टी के बाद अपनी निर्धारित स्कूल बस में बैठने के बजाय दूसरी बस में सवार होकर स्कूल से निकल गई। उसने टीचर से झूठ बोलकर स्कूल से बाहर जाने की अनुमति ली और परिजनों का गलत मोबाइल नंबर भी दे दिया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया और महज चार घंटे के भीतर बच्ची को करीब सात किलोमीटर दूर हाईवे से सकुशल बरामद कर लिया।
मामला ग्वालियर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल का है। जानकारी के अनुसार, छुट्टी के समय छात्रा ने टीचर से कहा कि उसके माता-पिता सूर्य मंदिर गए हैं और वह भी वहीं जा रही है। जब टीचर ने पुष्टि के लिए परिजनों का मोबाइल नंबर मांगा तो छात्रा ने गलत नंबर लिखकर दे दिया। नंबर पर संपर्क करने की कोशिश के दौरान मामला संदिग्ध लगा। स्कूल प्रबंधन ने तुरंत छात्रा के परिजनों से संपर्क किया, तब पता चला कि बच्ची की बात सही नहीं थी। इसके बाद बिना देर किए महाराजपुरा थाना पुलिस को सूचना दी गई।
ये भी पढ़ें- बंदूक वाले इंजीनियर की छुट्टी, सस्पेंड होते ही खोली विभाग की 'कमीशन कुंडली', मचा हड़कंप
सूचना मिलते ही पुलिस स्कूल पहुंची और स्कूल परिसर सहित आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। जांच के दौरान छात्रा का स्कूल बैग जड़ेरुआ बांध के पास मिला। इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में तलाशी तेज कर दी और तकनीकी सहायता के साथ छात्रा की तलाश जारी रखी। लगातार सीसीटीवी फुटेज, लोकेशन ट्रेसिंग और पुलिस टीम की सक्रियता के चलते करीब चार घंटे बाद महाराजपुरा क्षेत्र के जहांगीरपुर हाईवे से छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद उसे सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार छात्रा पूरी तरह सुरक्षित है। फिलहाल उससे और उसके परिजनों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह स्कूल से अकेले क्यों निकली और उसके पीछे क्या कारण था। पुलिस का कहना है कि समय पर स्कूल प्रबंधन द्वारा दी गई सूचना और त्वरित कार्रवाई के कारण बच्ची को सुरक्षित खोज लिया गया।