फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MP News: गुना में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, दर्दनाक हादसे में दो की मौत, 40 से ज्यादा लोग घायल

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गुना Updated Fri, 07 Feb 2025 08:48 AM IST

गुना जिले के फतेहगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से एक बच्ची समेत 2 लोगों की मौत हो गई है। हादसे में 40 से ज्यादा लोग घायल हो गए, जिनमें 5 की हालत गंभीर बनी हुई है। ये सभी लोग गुना तहसील के कंचनपुरा से राजस्थान में आयोजित हो रहे गूगेर मेले में शामिल होने जा रहे थे।

हादसा सुबह करीब 10 बजे उस समय हुआ जब श्रद्धालुओं से भरी अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली फतेहगढ़ से कुछ दूर रामनगर-सेनबोर्ड मोड़ पर अचानक पलट गई। हादसे के समय ट्रॉली में महिलाओं और बच्चों सहित करीब 45 लोग सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। लोगों ने फतेहगढ़ पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस आने से पहले ही श्रद्धालुओं को पुलिस की गाड़ियों से जिला अस्पताल पहुंचाने का सिलसिला शुरू किया। कुछ देर में मौके पर आई एम्बुलेंस से सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया।

हादसे में 60 वर्षीय चिरोंजी लाल लोधा और 9 वर्षीय रमा बाई की मौत हो गई है। घायलों के तुरंत जिला अस्पताल पहुंचते ही कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल, एसपी संजीव कुमार सिन्हा, पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सिसौदिया, पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह सलूजा और भाजपा नेता महेंद्र सिंह किरार सहित कई अधिकारियों और नेताओं ने हालात का जायजा लिया।

गुना कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने बताया कि 38 लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका है। दो लोगों की मौत हो गई है। घायलों को बेहतर उपचार मुहैया कराया जा रहा है। हादसा कैसे हुआ यह पुलिस जांच में सामने आएगा।

उधर, इस बड़ी दुर्घटना की जानकारी मिलने पर गुना तहसील के कंचनपुरा गांव में मातम पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि घायलों में शामिल लगभग सभी लोग लोधा समाज के थे।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें