मध्यप्रदेश के विदिशा जिले के अंतर्गत आने वाले ग्रामीण क्षेत्र में वैवाहिक कार्यक्रम की परंपरा को निभाने के लिए किए गए हर्ष फायर के दौरान एक किशोर सहित तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें गुना के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा घटनाक्रम विदिशा जिले के अंतर्गत आने वाले ग्रामीण क्षेत्र का है। जहां मांगलिक कार्यक्रम में किए गए हर्ष फायर के दौरान एक किशोर सहित तीन लोगों को गोली के छर्रे लग गए। तीनों घायलों को गंभीर हालत में गुना के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना गुना के पड़ोसी जिला विदिशा के आनंदपुर थाना अंतर्गत हरिपुर गांव की है।
बताया जा रहा है कि यहां रहने वाले गोविंद सिंह के घर में वैवाहिक कार्यक्रमों से जुड़ी रस्में जारी थी। इस दौरान लड़की के पिता गोविंद सिंह ने हर्ष फायर कर दिया। बंदूक से निकली गोली के छर्रे कार्यक्रम में मौजूद गुलाब सिंह मीना, रोडलाल बंजारा और अनिल बंजारा को लग गई। अनिल बंजारा की उम्र 15 साल बताई जा रही है। सभी घायलों को आनन-फानन में गुना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
गौरतलब है कि शादी ब्याह व अन्य कार्यक्रमों में किए जाने वाले हर्ष फायर पर शासन ने प्रतिबंध लगा रखा है, लेकिन उसके बावजूद भी लोग हर्ष फायर करते रहे और उसमें हादसे होते है, जैसे कि विदिशा जिले के हरिपुर गांव में देखने को मिला है, जिसमें एक किशोर सहित 3 लोगों को बंदूक के छर्रे लग गए। घायलों को गुना के जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।