नागदा सातखोरी क्षेत्र में तेज हवा और आंधी के चलते कई रहवासियों के आशियाने उजड़ गए हैं। इन प्रभावित परिवारों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं कि न केवल उन्हें मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा गया है, बल्कि अब प्रशासन उन्हें इस क्षेत्र से भी हटाने की तैयारी में है। पीड़ितों ने बताया कि वे पहले नागदा के अन्य इलाकों में रह रहे थे, लेकिन प्रशासन द्वारा हटाए जाने के बाद उन्हें सातखोरी क्षेत्र में बसाया गया था। अब यहां भी उन्हें स्थाई पट्टे नहीं दिए जा रहे हैं और पुनः हटाने की कोशिश की जा रही है।
ये भी पढ़ें- देवास में दो बसों की आमने-सामने से भीषण टक्कर, एक यात्री की मौत, 17 घायल
स्थानीय निवासियों ने बताया कि तेज आंधी और बारिश के कारण उनके कच्चे मकान पूरी तरह से उजड़ गए, जिससे कई लोगों को चोटें भी आई हैं। वहीं, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं का पहले से ही अभाव है। बच्चों की पढ़ाई और स्वास्थ्य पर भी इसका गहरा असर पड़ा है। हाल ही में एक बालिका को जहरीले बिच्छू ने काट लिया, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में जहरीले कीड़ों और जानवरों का खतरा लगातार बना रहता है।
ये भी पढ़ें- देवास माता टेकरी पर बारिश से चट्टानें खिसकीं, तेज आवाज के साथ नीचे आए पत्थर, लोगों में दहशत
प्रभावित परिवारों का आरोप है कि वे कई बार सांसद, विधायक और प्रशासन से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अब तक उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि अगर समय रहते पट्टे दे दिए जाते और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जातीं तो आज वे इस स्थिति में न होते। वर्तमान में कई परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं और उनके बच्चे भारी संकट में हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें स्थाई पट्टे दिए जाएं, बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराई जाएं और पुनर्वास की उचित व्यवस्था की जाए, ताकि वे सम्मानजनक जीवन जी सकें।