रसोई गैस के दामों में हाल ही में की गई बढ़ोत्तरी के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया।मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजगढ़ पीतांबरा चौराह के निकट सड़क पर चूल्हा जलाकर रोटी-सब्जी बनाई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से गैस सिलेंडर को फूल माला पहनाकर उसकी अंत्येष्टि की कार्यकताओं ने धूपबत्ती जलाकर केंद्र सरकार की महंगाई की नीतियों के खिलाफ जोरदार हल्ला बोला। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महंगाई के कारण गरीब परिवारों को एक बार फिर पुराने दौर की तरह चूल्हे पर खाना बनाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक दांगी बगदा ने कहा कि पिछले 12 सालों से केंद्र और 22 साल से राज्य में भाजपा की सरकार है लेकिन इसके बावजूद महंगाई पर कोई लगाम नहीं लगाई जा रही है।