दतिया जिले के लांच थाना क्षेत्र में गुरुवार रात अवैध रेत को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। हथियारबंद लोगों द्वारा की गई फायरिंग में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अशोक शर्मा के रूप में मृतक की पहचान
मृतक की पहचान अशोक शर्मा के रूप में हुई है, जो टोड़ा-रमगढ़ा निवासी थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे निकेश शर्मा का महिंद्रा 585 ट्रैक्टर चालक दीपू सोलंकी के साथ गांव की ओर जा रहा था। रास्ते में भैंसासुर बाबा मंदिर के पास कार सवार कुछ लोगों ने ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि ये लोग रेत कारोबार से जुड़े थे और अपने साथ हथियार लाए हुए थे।
बदमाशों ने गांव तक किया पीछा
स्थिति बिगड़ती देख चालक ट्रैक्टर लेकर गांव की ओर निकल गया। हमलावर स्कॉर्पियो और बोलेरो वाहन से उसका पीछा करते हुए गांव तक पहुंच गए। गांव में पहुंचते ही चालक ने शोर मचाया, जिससे परिवार के सदस्य और ग्रामीण बाहर आए। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
रास्ते में हुई मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर एक व्यक्ति ने पिस्टल और दूसरे ने बंदूक निकाल ली। आरोप है कि बाबूजी उर्फ उत्तम नामक आरोपी द्वारा चलाई गई गोली अशोक शर्मा को लगी। घायल अवस्था में उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
परिजनों ने आरोपी को पकड़ा
घटना के दौरान परिजनों और ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए आरोपी उत्तम उर्फ बाबूजी को पकड़ लिया और उसके हाथ से राइफल छीन ली, जबकि अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। इस झड़प में दूसरे पक्ष का उत्तम भी घायल हुआ, जिसे इलाज के लिए ग्वालियर भेजा गया।
ये भी पढ़ें: मैहर के NH-30 पर बड़ा हादसा, ट्रेलर में पीछे से घुसी बोलेरो, 6 श्रद्धालु घायल
राइफल बरामद
अभी तक इस मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि निकेश शर्मा की शिकायत पर लांच थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। एफआईआर में बाबूजी उर्फ उत्तम, बृजराज सिकरवार उर्फ फौजी, सतेंद्र रावत, आशु रावत, दीपू यादव और सचिन को नामजद किया गया है। मौके से एक राइफल भी बरामद की गई है। पुलिस टीम फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है।