दमोह जिले के देहात थाना क्षेत्र के इमलाई चौराहा पर शनिवार दोपहर एक मालवाहक में टक्कर मारकर भाग रहे डंपर चालक को पकड़ने के लिए पीछा कर रहे आरक्षक पर डंपर चालक ने डंपर चढ़ाने के प्रयास में टक्कर मार दी। जिससे आरक्षक की बाइक डंपर के नीचे दब गई और वह घायल हो गया। घायल अवस्था में आरक्षक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। डंपर को जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया गया है। वहीं जरूरत पड़ने पर आरक्षक को जबलपुर भी ले जाने की बात अधिकारियों द्वारा कही गई है। सूचना मिलते ही सीएसपी एचआर पांडे के साथ देहात थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंच गई।
ये भी पढ़ें- भैंस की वजह से नवविवाहिता ने तेजाब पीकर दी जान, ससुराल वालों पर FIR दर्ज; जानें मामला
देहात थाना टीआई रचना मिश्रा ने बताया की दोपहर में देहात थाना में पदस्थ आरक्षक अखिलेश तिवारी ड्यूटी पर इमलाई रोड पर थे। तभी एक डंपर क्रमांक एमपी 34 जेड डी 3346 के चालक अरविंद राजपूत ने मालवाहक को टक्कर मार दी और भागने लगा। डंपर चालक का पीछा करने कई लोग दौड़ रहे थे। आरक्षक ने देखा तो डंपर चालक को रोकने का प्रयास किया तो वह वहां से भाग निकला। आरक्षक तिवारी उसका पीछा कर रहे थे तो डंपर चालक ने जानबूझकर उन्हें टक्कर मार दी और बाइक पर डंपर चढ़ा दिया। जिससे वह नीचे गिर गए। बाइक डंपर के नीचे फंस गई और आरक्षक घायल हो गए। आरोपी डंपर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। इधर आरक्षक का इलाज भी चल रहा है। फिलहाल स्थिति ठीक है। यदि जरूरत पड़ेगी तो उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज भी रेफर किया जाएगा। सीएसपी एचआर पांडे ने बताया कि डाक्टरों की टीम के द्वारा घायल आरक्षक का इलाज किया जा रहा है। उनके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं।