फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Damoh News: कमरे में लटके मिले प्रेमी युगल के शव, रात में युवती को अपने घर लेकर पहुंचा था युवक

Mon, 07 Apr 2025 07:04 PM IST
दमोह ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह

दमोह जिले के बांदकपुर में रहने वाली युवती का शव बटियागढ़ थाना फुटेराकला निवासी शादीशुदा युवक के साथ सोमवार सुबह उसके घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजन दोनों शव लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मामले में 20 वर्षीय मृतक युवती के पिता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने मेरी बेटी को मार दिया। उन्होंने बताया कि रात 11:30 बजे तक बेटी घर में थी। देर रात करीब 2:25 पर देखा तो बेटी वहां से गायब थी। हम रात भर खोजते रहे। सुबह फुटेरा कला निवासी युवक राहुल के पिता जगदीश अठया ने फोन लगाकर बताया कि बेटी उनके घर है। हम अपने ससुर के साथ बेटी को लेने पहुंचे। आरोपियों ने हमें चाय पिलाई और कहा अपनी बेटी को ले जाओ। जब हम कमरे में पहुंचे तो मेरी बेटी और युवक राहुल अठया दोनों एक कमरे में फंदे से लटके मिले। मैं फुटेरा चौकी पहुंचा, कुछ देर बाद हम पुलिस को लेकर घर पहुंचे तब तक आरोपियों ने दोनों शवों की रस्सी काटकर नीचे रख दिया था। पिता ने बताया कि रविवार रात परिवार के लोगों ने उस लड़के को घर के आसपास घूमते हुए देखा था। मुझे नहीं पता कि मेरी बेटी के युवक से कैसे संबंध थे। हमने उसकी शादी रोसरा गांव में तय कर दी थी, दो महीने बाद शादी थी, लेकिन उसके पहले बेटी की मौत हो गई।

ये भी पढ़ें- दमोह फर्जी डॉक्टर: राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग की टीम पीड़ितों से मिली, नौ अप्रैल तक कागजातों की करेगी जांच

मृतक युवक के चाचा जगदीश अठया ने बताया कि उन्हें पता चला कि राहुल लड़की को लेकर घर आ गया है। सुबह हमने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से देखा कोई आवाज नहीं आई, तो हमने दरवाजा तोड़ दिया। जाकर देखा तो दोनों के शव लटके मिले। परिजनों को नहीं मालूम की युवती कैसे हमारे घर पहुंच गई। प्रेम प्रसंग से भी इनकार नहीं किया जा सकता। जिस युवक के साथ युवती फंदे पर लटकी मिली है वह पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। युवती के परिजनों द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर युवक के चाचा का कहना है कि वह आरोप लगा सकते हैं, लेकिन उन्हें यह भी सोचना चाहिए कि क्या हम उनकी बेटी के साथ अपने बेटे को भी फंदे से लटका सकते हैं।

ये भी पढ़ें- राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग की टीम पहुंची दमोह,पीड़ित परिवार से मिलेगी,ऑपरेशन के बाद हुई थी सात की मौत

युवक की पत्नी बोली दोनों के बीच था प्रेम-प्रसंग
मृतक युवक राहुल अठया की पत्नी अंजलि ने बताया कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था। युवती मेरे पति को बार-बार फोन लगाकर यह धमकी देती थी कि वह उसे आकर ले जाए, नहीं तो वह मेरे पति को फंसा देगी। हम लोगों ने युवती के पिता को भी इस बात की जानकारी दी थी और कहा था कि वह अपनी बेटी की शादी कहीं तय कर दें। मेरा घर बर्बाद ना करें। दोनों के बीच फोन पर बात होती थी और युवती मेरे पति को धमकाती रहती थी। रात में मेरे पति यह कहकर घर से निकले कि वह अपने दोस्त के काम से दमोह जा रहे। रात 12:00 बजे उन्होंने कहा कि मुझे देर हो जाएगी। मैं सो गई सुबह मुझे मेरी सास ने बताया कि मेरा पति उस युवती को लेकर घर आ गया है। मैंने अपने परिजनों से कहा था कि दरवाजा खोल दो, लेकिन उन्होंने कहा कि जब तक युवती का पिता नहीं आता दरवाजा नहीं खोलेंगे सुबह दोनों फंदे से लटके मिले। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें