फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दमोह में नौतपा में मौसम का यू-टर्न: दमोह 45.5 डिग्री पर तपता रहा, तेंदूखेड़ा में हुई ओलावृष्टि और झमाझम बारिश

Fri, 29 May 2026 05:00 PM IST
दमोह ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह

दमोह जिले में नौतपा के चौथे दिन भी भीषण गर्मी का कहर जारी रहा। शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लोग गर्म हवाओं और तेज धूप से बेहाल नजर आए। वहीं दूसरी ओर तेंदूखेड़ा ब्लॉक में मौसम ने अचानक करवट ली और करीब एक घंटे तक हुई तेज बारिश व ओलावृष्टि ने लोगों को गर्मी से बड़ी राहत दिला दी।

तेंदूखेड़ा में अचानक बदला मौसम
तेंदूखेड़ा ब्लॉक के तारादेही गांव में शाम करीब 4:30 बजे अचानक आसमान में बादल छा गए। कुछ ही देर में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश के दौरान ओले गिरने से पूरा इलाका ठंडा हो गया और मौसम सुहावना बन गया। भीषण गर्मी से परेशान लोगों ने बारिश का जमकर आनंद लिया। कई लोग घरों से बाहर निकल आए, जबकि कुछ लोग ओलावृष्टि से बचने के लिए सुरक्षित स्थान तलाशते नजर आए।

पढे़ं: मौत से पहले के हर मिनट का हिसाब जुटा रही सीबीआई, आमने-सामने होंगे सास गिरिबाला और पति समर्थ

दमोह शहर में गर्मी का कहर जारी
एक तरफ तेंदूखेड़ा में बारिश राहत बनकर बरसी, तो वहीं दमोह शहर में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा। सुबह से शाम तक तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किए रखा। दोपहर के समय शहर के प्रमुख बाजार और चौराहे लगभग सुनसान दिखाई दिए। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग ठंडे पेय पदार्थों, जूस और आइसक्रीम का सहारा लेते नजर आए।

नौतपा में बार-बार बदल रहा तेंदूखेड़ा का मौसम
तेंदूखेड़ा ब्लॉक में नौतपा के दौरान मौसम का बदला मिजाज लगातार देखने को मिल रहा है। इससे पहले नौतपा के पहले दिन भी यहां तेज बारिश हुई थी। वहीं सोमवार को भी करीब एक घंटे तक जोरदार बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई थी। लगातार बदलते मौसम ने लोगों को गर्मी से अस्थायी राहत जरूर दी है, लेकिन किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है।

जिले में 45 से 46 डिग्री के बीच बना तापमान
मौसम विभाग के अनुसार दमोह जिले का तापमान लगातार 45 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। भीषण गर्मी और लू के चलते जनजीवन प्रभावित हो रहा है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें