दमोह-छतरपुर हाईवे पर जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र में स्थित गीवलारी पुलिया के पास बुधवार रात कांच से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गया। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। गुरुवार सुबह क्रेन की मदद से शव और ट्रक को बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 2:30 बजे बक्सवाहा मार्ग से दमोह की ओर आ रहा कांच से लदा एक ट्रक पुल पर अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रक चालक ट्रक के अंदर ही दब गया और ट्रक की चेसिस टूटकर बाहर निकल आई। सूचना मिलने पर बटियागढ़ पुलिस रात में ही घटनास्थल पर पहुंची।
जांच करने पर पता चला कि ट्रक चालक की मौत हो चुकी थी और उसका शव ट्रक में फंसा हुआ था, जिसे बिना आवश्यक संसाधनों के निकालना संभव नहीं था। इसके बाद गुरुवार सुबह पुलिस क्रेन लेकर घटनास्थल पर पहुंची और ट्रक को उठाकर मृतक चालक का शव बाहर निकाला।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के आसानसोल निवासी सुनील यादव उर्फ प्रताप वर्धमान यादव के रूप में हुई। शव को बटियागढ़ स्वास्थ्य केंद्र के शवगृह में रखवाया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
ब्लैक प्वाइंट है यह स्थान
गीवलारी पुलिया के पास आए दिन वाहन पुल से नीचे गिरते हैं, जिनमें कई बार चालक की मौत हो चुकी है। इस कारण इसे ब्लैक प्वाइंट कहा जाता है। दो दिन पहले भी एक राखड़ से भरा ट्राला इसी पुलिया से गिर गया था। यहां लंबा मोड़ होने के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं।