दमोह जिले की जबेरा विधानसभा से भाजपा विधायक और राज्य सरकार में पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी भले ही राजनीति की पिच पर चौके-छक्के लगा रहे हों, लेकिन क्रिकेट की पिच पर उन्हें अपने भाई की टीम से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, उन्होंने एक अच्छे खिलाड़ी की तरह पिच पर चौके-छक्के भी लगाए। हार के बावजूद उन्होंने अपने भाई की टीम की जीत पर खुशी जाहिर की और सभी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
दरअसल, पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र लोधी के गृह ग्राम नोहटा में शुक्रवार रात नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरुआत हुई। उद्घाटन मैच मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी की टीम 'मंत्री इलेवन' और उनके भाई सत्येंद्र सिंह लोधी की टीम 'व्यापारी इलेवन' के बीच खेला गया। मंत्री लोधी की टीम पहला मैच हार गई। इस नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट को देखने के लिए सैकड़ों लोग मैदान पर मौजूद थे।
मंत्री की टीम को मिली हार
टूर्नामेंट का शुभारंभ शुक्रवार रात हुआ और पहला मैच मंत्री इलेवन और व्यापारी इलेवन के बीच खेला गया। इस मैच में मंत्री की टीम हार गई। मंत्री इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 8 ओवर में 66 रन बनाए, जिसमें राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने 28 रनों का योगदान दिया। व्यापारी इलेवन ने इस लक्ष्य को अंतिम ओवर में हासिल कर लिया।
16 टीमों ने लिया हिस्सा
नोहटा के खेल मैदान में आयोजित नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट (एनपीएल) में कुल 16 टीमों ने भाग लिया है। प्रत्येक टीम में 8-8 खिलाड़ी शामिल हैं। टूर्नामेंट के सभी मैच 8-8 ओवर के होंगे, जिनमें तीन ओवर का पावरप्ले सर्किल रखा गया है। राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने हार के बावजूद प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि नोहटा गांव में पहली बार नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है और सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।