फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Damoh News: खेत में पानी दे रहे किसान पर तेंदुए ने किया हमला, हटा सिविल अस्पताल में चल रहा इलाज

Fri, 08 Nov 2024 02:10 PM IST
दमोह ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह

वफर क्षेत्र मडियादो के अंतर्गत आने वाले भूलखेड़ा गांव में शुक्रवार को खेत में पानी दे रहे किसान पर तेंदुए ने हमला कर दिया, जिससे किसान घायल हो गया। किसान के शोर मचाने और अन्य ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने की आहट पाकर तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। घायल का इलाज सिविल अस्पताल हटा में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, सुंदर आदिवासी निवासी भूलखेड़ा शुक्रवार सुबह अरहर की फसल में पानी दे रहा था, तभी अचानक तेंदुए ने पीछे से हमला कर दिया। घायल ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तेंदुआ खेतों से भागकर जंगल में चला गया। हमले की सूचना मिलने पर वफर क्षेत्र अधिकारी मडियादो जीएस चौहान टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल को अपने वाहन से इलाज के लिए मडियादो अस्पताल भेजा गया, जहां से उसे हटा रेफर किया गया। तेंदुए के हमले में घायल किसान के हाथ और गर्दन में घाव हुए हैं।
 
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। मौके पर पहुंची टीम ने तेंदुए की उपस्थिति की पुष्टि के लिए खेतों में सर्चिंग की। इस दौरान टीम को तेंदुए के पदचिह्न खेत के रास्ते से जंगल की ओर जाते हुए मिले। बता दें कि मडियादो के जंगल को 2016 में पन्ना टाइगर रिजर्व का वफर क्षेत्र घोषित किया गया था। संरक्षण के चलते यहां वन्यजीवों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। आए दिन तेंदुआ, भालू, हाइना, नीलगाय, जंगली सूअर सहित अन्य वन्यजीव ग्रामीण इलाकों में देखे जाते हैं।

मडियादो परिक्षेत्र अधिकारी जीएस चौहान ने बताया कि तेंदुए के हमले में घायल सुंदर आदिवासी का इलाज कराया जा रहा है और नियमों के अनुसार उसे सहायता प्रदान की जाएगी। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे अकेले जंगल में न जाएं और हिंसक वन्यजीवों की उपस्थिति के प्रमाण मिलने पर तुरंत सुरक्षित स्थान पर चले जाएं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें