लोकसभा क्षेत्र से सांसद राहुल सिंह लोधी शनिवार को हटा में केंद्रीय विद्यालय के नवनिर्मित भवन का निरीक्षण करने पहुंचे। वहां उन्होंने में एक बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वह हमेशा कहते हैं कि यदि 'भारत में रहना है तो जय श्री राम कहना होगा'।
सांसद लोधी ने कहा कि एक भारत, श्रेष्ठ भारत, अखंड भारत। न मैं राहुल लोधी हूं, ना बाजू में खड़े ये नरेंद्र व्यास हैं। हम सब हिंदू हैं और हिंदू सनातन के लिए हम सब एकत्रित हैं। मैं तो कब से कह रहा हूं कि यदि भारत में रहना होगा, तो जय श्री राम कहना होगा। गुरुदेव धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के चरणों में नमन। उनकी सोच और उन्होंने जो दिशा देने का काम किया है मैं उसकी सराहना करता हूं और मैं बागेश्वर धाम सरकार से प्रार्थना करता हूं कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के द्वारा ऐसी यात्राएं आगे भी निकाली जाती रहें। व्यस्तता के कारण मैं पहुंच नहीं पाया, लेकिन दो-तीन दिन के भीतर में महाराज के पास पहुंचूंगा। मैं एक बार फिर कहता हूं यदि भारत देश में रहना है तो जय श्री राम कहना होगा।
जब उनसे पूछा कि कांग्रेस के लोग इसे भाजपा का एजेंडा बता रहे हैं, तो राहुल सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने तो कह दिया कि राम काल्पनिक हैं, रामसेतु नहीं है। जो श्री राम के अस्तित्व पर प्रश्न उठा रहे हैं वह क्या कहते हैं, हमें उससे कोई मतलब नहीं। हम श्री राम को मानते हैं, भारतीय संस्कृति को मानते हैं। हमारे आराध्य प्रभु श्री राम हैं। इसके अलावा मां नर्मदा और जागेश्वर नाथ धाम हमारे आराध्य हैं और उनको मानते हुए हम लोग सनातन के लिए काम करेंगे।
बता दें कि सांसद राहुल सिंह दमोह प्रवास पर थे और इस दौरान वह हटा में निर्माणाधीन सीएम राइज स्कूल भवन का निरीक्षण करने पहुंचे थे। पत्रकारों के द्वारा बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा निकाली जा रही यात्रा को लेकर किए गए सवाल के जवाब में उन्होंने यह बयान दिया है। सांसद राहुल सिंह ने केंद्रीय विद्यालय के निर्माणाधीन भवन के तैयार कक्षों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। कार्य पूर्ण कर 15 दिसंबर तक भवन स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर भी मौजूद रहे।