फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Damoh News: दमोह में अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर पालिका टीम पर हमला, सीएमओ से धक्का-मुक्की; VIDEO वायरल

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह Updated Tue, 19 May 2026 05:56 PM IST

दमोह शहर के पठानी मोहल्ला में मंगलवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर पालिका टीम के साथ विवाद हो गया। कार्रवाई के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) राजेंद्र सिंह लोधी के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और धक्का-मुक्की किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद नगर पालिका कर्मचारियों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में कर्मचारी, सफाई कर्मी और पार्षद कोतवाली थाना पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार नगर पालिका द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान के तहत शहर में नालियों की सफाई और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार की जा रही है। मंगलवार दोपहर नगर पालिका का अमला पठानी मोहल्ला पहुंचा था। यहां नाली पर पक्का अतिक्रमण पाए जाने के बाद संबंधित लोगों को अतिक्रमण हटाने के लिए समझाइश दी गई। अधिकारियों का कहना है कि समझाइश के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके बाद जेसीबी मशीन बुलाकर कार्रवाई शुरू की गई।

जेसीबी चलते ही बढ़ा विवाद
नगर पालिका अधिकारियों के मुताबिक जैसे ही जेसीबी मशीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू हुई, कुछ लोग विरोध करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि वार्ड निवासी सरफराज बेग और आरिफ बेग उर्फ कल्लू, जो शालीमार प्रिंटर के संचालक बताए जा रहे हैं, ने सीएमओ राजेंद्र सिंह लोधी के साथ अभद्रता करते हुए धक्का-मुक्की और मारपीट की। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की। घटना के दौरान वहां मौजूद कुछ कर्मचारियों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद कर्मचारियों में नाराजगी और बढ़ गई।

पढे़ं: कान्हा में फिर मिला युवा नर बाघ का शव, लगातार हो रही मौतों से टाइगर रिजर्व की सुरक्षा व्यवस्था कटघरे में

कोतवाली पहुंचे कर्मचारी, घंटाघर पर की नारेबाजी
घटना के विरोध में सीएमओ राजेंद्र सिंह लोधी नगर पालिका कर्मचारियों के साथ सीधे कोतवाली थाना पहुंचे। यहां कर्मचारियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। थोड़ी देर में बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी, नगर पालिका कर्मी और कुछ पार्षद भी थाने पहुंच गए। कर्मचारियों का कहना था कि यदि अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ कार्रवाई के दौरान इस तरह की घटनाएं होती रहीं तो अतिक्रमण हटाने जैसी कार्रवाई करना मुश्किल हो जाएगा। पुलिस द्वारा मामला दर्ज किए जाने के बाद भी कर्मचारी शांत नहीं हुए और घंटाघर पहुंचकर नारेबाजी करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते रहे।

कर्मचारियों ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
नगर पालिका कर्मी लक्ष्मण कसौटिया ने कहा कि पहले भी कर्मचारियों के साथ मारपीट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। शहर में कई जगह अवैध अतिक्रमण फैला हुआ है। यदि कार्रवाई के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा नहीं होगी तो काम करना मुश्किल हो जाएगा। कर्मचारियों ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान पर्याप्त पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना
कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि कर्मचारियों की शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को रवाना किया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं एसपी आनंद कलादगी ने कहा कि प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अभद्रता किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें