चांद के मोघर में एक किसान की खेत में फैले करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। किसान खेत में घास काटने गया था, तभी उसे करंट लग गया। इसके बाद हडक़ंप मच गया।
पुलिस के मुताबिक गोहरगांव निवासी किसान महालाल कुमरे खेत में घास काटने गया था तभी यहां खेत में बिछे करंट से वह झुलस गया और उसकी मौत हो गई। काफी देर तक जब किसान घर नहीं लौटा तो उसके बेटे ने खेत जाकर देखा तो महालाल बिजली तार में उलझा पड़ा था, उसने कड़ी मशक्कत के बाद लकड़ी के सहारे उसे हटाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बाद में चांद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले को जांच में लिया है। बताया जा रहा है कि जिस खेत में उसकी लाश मिली उससे थोड़ी सी दूर पर खेत के आसपास बिजली करंट फैलाया गया था जिस पर वह झुलस गया और उसकी मौत हो गई।
जांच के बाद दर्ज होगा मामला
चांद पुलिस के मुताबिक घटना के बाद पुलिस ने मामले को जांच में लिया है, बताया जा रहा है कि खेत में जंगली जानवरों से फसलों को बचाने के लिए बिजली तार बिछाया गया था। जिसने यह तार बिछाया था उसकी जांच की जा रही है, उसके बाद मामला स्पष्ट होगा।