छतरपुर जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र से एक संवेदनशील और चर्चा में रहने वाला मामला सामने आया है, जहां दो बालिग युवतियों ने आपसी सहमति से समलैंगिक विवाह कर लिया। मामले की जानकारी लगते ही परिजनों ने विरोध जताया, जिसके बाद थाने में हंगामे की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार अंजली रैकवार (23 वर्ष), पिता आनंद रैकवार, निवासी बजरंग नगर एवं मोहिनी कुशवाहा (21 वर्ष), पिता राकेश कुशवाहा, निवासी दुर्गा कॉलोनी के बीच पिछले लगभग पांच वर्षों से प्रेम संबंध था। अंजली के अनुसार 12 जनवरी को दोनों युवतियां बागेश्वर धाम गई थीं, जहां उन्होंने एक-दूसरे का हाथ थामकर साथ जीने-मरने का संकल्प लेते हुए आपसी रजामंदी से विवाह किया।
परिजनों ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी
इससे पहले दोनों युवतियों के अचानक घर से चले जाने पर परिजनों ने सिविल लाइन थाना में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में विवाह की जानकारी मिलने पर मोहिनी के परिजन इस रिश्ते से नाराज हो गए और उसे जबरन घर ले जाने की नीयत से थाने पहुंच गए।
ये भी पढ़ें- Dhar News: विधायक से दो करोड़ रुपये मांगने वाले दंपति पर एक और प्रकरण दर्ज, तलाश में जुटी पुलिस
थाने में तनावपूर्ण स्थिति
थाने में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस के चलते तनाव की स्थिति बन गई। हालात को देखते हुए पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों युवतियों को थाने के भीतर बैठाया और मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों युवतियाँ बालिग हैं और अपनी इच्छा से साथ रहने की बात कह रही हैं। ऐसे में मामले के सभी कानूनी पहलुओं पर विचार किया जा रहा है तथा दोनों पक्षों को समझाइश दी जा रही है।
पहले भी आ चुके हैं ऐसे मामले
छतरपुर जिले में समलैंगिक विवाह से जुड़ा यह तीसरा मामला है। इससे पहले नौगांव थाना क्षेत्र के दौरिया एवं मउसानिया गांव से भी इसी तरह के मामले सामने आ चुके हैं। फिलहाल पुलिस वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रही है।