झांसी-खजुराहो हाईवे (फोर लेन) पर एक भीषण सड़क हादसे में पिता की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा छतरपुर शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हुआ, जहां गन्ने का रस बेचकर रोजी-रोटी कमाने वाला पिता अपने बेटे के साथ बागेश्वरधाम में दुकान लगाने जा रहा था।
तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर
घटना उस समय हुई जब गन्ना रस निकालने की मशीन और वाहन पर सवार पिता-पुत्र बागेश्वरधाम की ओर जा रहे थे। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार आर्टिका कार ने उनके वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
गरीब की मौत, बेटे की हालत गंभीर
मृतक की पहचान गन्ने का रस बेचकर पेट पालने वाले गरीब व्यक्ति के रूप में हुई है। हादसे में उसका छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। बच्चे की हालत नाजुक बताई जा रही है।
आरोपी वाहन चालक गिरफ्तार
हादसे को अंजाम देने वाली आर्टिका कार और उसका चालक ग्वालियर का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस ने कार को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच एवं कानूनी कार्यवाही में जुट गई। सिविल लाइन थाना पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मासूम की हालत पर दुआएं
इस हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है। मृतक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं घायल बच्चे की स्थिति को लेकर परिजन चिंतित हैं। स्थानीय लोग बच्चे के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों और लापरवाही से होने वाले हादसों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हाईवे पर स्पीड मॉनिटरिंग और सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने की मांग की है ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।