बैतूल जिले के मोहदा थाना क्षेत्र के बर्राढाना गांव में शनिवार शाम एक बड़ी आग की घटना सामने आई, जिसने पूरे गांव में हड़कंप मचा दिया। तेज आंधी और हवाओं के बीच अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और 15 से अधिक मकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, 2 मई की शाम अज्ञात कारणों से गांव में आग भड़क उठी। तेज हवाओं के कारण लपटें तेजी से फैलती गईं और आसपास के कच्चे मकानों तक पहुंच गईं। कई घरों में रखे गैस सिलिंडर भी आग की चपेट में आ गए, जिससे विस्फोट हुए और स्थिति और गंभीर हो गई। हालांकि, ग्रामीणों की सतर्कता के चलते समय रहते लोग घरों से बाहर निकल आए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग में घरेलू सामान, अनाज और जरूरी वस्तुएं जलकर राख हो गईं, जिससे प्रभावित परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
ये भी पढ़ें- बरगी क्रूज हादसा: रेस्क्यू टीम ने दो बच्चों के शव बरामद किए, अब तक 11 लोगों की मौत; सर्चिंग जारी
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। इधर जिले में मौसम को देखते हुए कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने सभी एसडीएम को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार रहे। साथ ही उपार्जन केंद्रों पर अनाज की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।