फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MP: बड़वानी में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं ने संभाला मोर्चा, दुकानों पर पहुंचकर बिक्री कराई बंद

Sat, 22 Aug 2026 08:09 PM IST
बड़वानी ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बड़वानी

बड़वानी जिले के ठीकरी जनपद की ग्राम पंचायत छापरी में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ महिलाओं ने मोर्चा संभाल लिया। शनिवार को गांव की महिलाओं की टीम उन दुकानों पर पहुंची, जहां उनके मुताबिक अवैध रूप से शराब बेची जा रही थी। महिलाओं ने दुकानदारों से बातचीत कर शराब बिक्री बंद कराई। दुकानदारों ने आगे शराब नहीं बेचने का आश्वासन दिया। हालांकि, महिलाओं का कहना है कि गांव में अब भी कई जगह अवैध शराब की बिक्री जारी है।

कई बार शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप
करीब दो हजार मतदाताओं वाले छापरी गांव की सुमन बाई, सारिका बाई, पूनम बाई और सावित्री बाई समेत अन्य महिलाओं ने बताया कि उन्होंने ठीकरी थाने, आबकारी विभाग, एसपी कार्यालय और कलेक्टर की जनसुनवाई में कई बार अवैध शराब बिक्री की शिकायत की। महिलाओं का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्हें खुद सड़कों पर उतरकर शराब बिक्री बंद कराने के लिए मजबूर होना पड़ा।

पढ़ें: जमीन सौदे के मामले में फंसीं पूर्व CSP नेहा पच्चीसिया, एफआईआर; भोपाल ट्रेनिंग सेंटर से हुईं फरार

शराब से परिवारों और बच्चों पर असर का दावा
महिलाओं ने बताया कि शराब की लत का असर परिवारों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति पर पड़ रहा है। उनका दावा है कि कम उम्र के बच्चे भी शराब की चपेट में आ रहे हैं। कई परिवारों के मुखिया गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं, जबकि कुछ लोगों की मौत भी शराब के कारण होने का महिलाओं ने दावा किया। महिलाओं के अनुसार, कई लोग घर का राशन और जरूरी सामान तक बेचकर शराब खरीद रहे हैं। इससे परिवारों में आर्थिक तंगी के साथ विवाद की स्थिति भी बन रही है।

गांव में पूर्ण शराबबंदी की मांग
महिलाओं ने गांव में पूरी तरह शराबबंदी की मांग की है। उन्होंने कहा कि बड़वानी पुलिस के नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान से प्रेरित होकर वे गांव को शराब मुक्त बनाने की मुहिम चला रही हैं। महिलाओं ने इस अभियान में प्रशासन और पुलिस से सहयोग की मांग की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर ने महिलाओं की पहल का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों को रोकने में जनता की भागीदारी जरूरी है। शिकायत मिलने पर अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने महिलाओं से पुलिस का सहयोग करने की अपील भी की।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें