फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Barwani: रेत भरते समय नदी में बढ़ा पानी, तिनके की तरह बह गया ट्रैक्टर, चालक ने कूदकर बचाई जान, देखें वीडियो

Fri, 23 Aug 2024 02:57 PM IST
बड़वानी ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बड़वानी

मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बारिश के कारण सुसरी नदी में अचानक पानी बढ़ गया, जिससे नदी में खड़ा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तिनके की तरह बह गया। दरअसल, ट्रैक्टर-ट्रॉली को नदी के बीच खड़ा कर ड्राइवर और मजदूर उसमें रेत भर रहे थे, तभी अचानक सुसरी नदी में पानी का स्तर बढ़ने लगा। पानी के अचानक बढ़ने पर ड्राइवर ने रेत से भरे ट्रैक्टर को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन पानी की ताकत के आगे उसकी सारी कोशिशें नाकाम साबित हुईं। कुछ ही देर में ट्रैक्टर पानी के तेज बहाव में बह गया। गनीमत रही कि ड्राइवर ने ट्रैक्टर छोड़ते हुए तुरंत उफनती नदी में कूद कर अपनी जान बचा ली। ड्राइवर को तैरना आता था, जिससे उसकी जान बच गई, वरना जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था।

इस दौरान नदी किनारे पर खड़े ग्रामीण इस पूरी घटना को देखते रहे, लेकिन कोई भी हिम्मत नहीं जुटा सका कि उफनती नदी में कूदकर ड्राइवर और ट्रैक्टर को बचा सके। ट्रैक्टर स्थानीय राखी खुर्द के सरपंच रमेश जाधव का बताया जा रहा है। सरपंच ने बताया कि उनकी ग्राम पंचायत में एक सामुदायिक भवन का निर्माण किया जा रहा है, जिसके लिए दो ट्रैक्टरों से नदी से रेत निकाली जा रही थी। इनमें से एक ट्रैक्टर थोड़ी दूरी पर खड़ा था, जो सुरक्षित रहा। लेकिन अचानक नदी में पानी बढ़ जाने के कारण एक ट्रैक्टर फंस गया। ड्राइवर ने उसे बाहर निकालने की भरसक कोशिश की, लेकिन वह असफल रहा। अंततः ड्राइवर ने कूदकर अपनी जान बचाई। यह इलाका चारों तरफ से पहाड़ी क्षेत्र से घिरा है, जहां अक्सर तेज बारिश होती रहती है, जिसके कारण अचानक नदी में पानी आ जाता है। इसी तरह के हादसे यहां पहले भी हो चुके हैं। ट्रैक्टर भी लगभग 400 मीटर बहने के बाद अटक गया, जिसे नदी में पानी कम होने पर स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया।  

बता दें कि मौसम विभाग ने बड़वानी जिले में भारी बारिश की चेतावनी दी है। प्रशासन भी लगातार चेतावनी जारी करता रहा है कि उफनती नदी-नालों से अपने वाहनों को न निकाला जाए। बावजूद इसके, लोगों की लापरवाही के कारण जान-माल का नुकसान होता है। इस क्षेत्र में ऐसी घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, फिर भी लोग इससे सबक नहीं ले रहे हैं। इस घटना के बाद जिला प्रशासन भी कार्रवाई की बात कर रहा है।
   

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें