बड़वानी खुर्द के पास बावनगजा रोड पर अज्ञात बदमाशों ने इंदौर से पाटी जा रही बियर की 222 पेटियों से लदी पिकअप को निशाना बनाया। शराब दुकान संचालक हुकुम राठौड़ ने बताया कि उनकी पाटी स्थित दुकान के लिए इंदौर वेयर हाउस से पिकअप वाहन क्रमांक एमएच 46 बीएच 2310 में बियर लोड थी। शराब की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।
दुकान संचालक के अनुसार रात करीब 2.30 बजे बड़वानी खुर्द के आगे बावनगजा रोड पर 30 से ज्यादा हथियारबंद बदमाशों ने पिकअप को घेर लिया। बदमाशों ने चालक पर पिस्टल तानकर धमकाया और शराब से भरी पिकअप लूटकर जंगल की ओर फरार हो गए। चालक ने तत्काल मालिक और पुलिस को सूचना दी।
ये भी पढ़ें- सास गिरिबाला की अग्रिम जमानत के खिलाफ पौने तीन घंटे हाईकोर्ट में चली सुनवाई, आदेश सुरक्षित
जंगल में मिली लावारिस पिकअप, जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही शहर कोतवाली थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बड़वानी खुर्द से ग्वालबेड़ा तक जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया। देर रात ग्वालबेड़ा के पास तालाब किनारे लूटी गई पिकअप लावारिस हालत में खड़ी मिली। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी बिसेन ने बताया कि पुलिस टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है तथा बावनगजा रोड और पाटी मार्ग पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं और बदमाशों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने जिलेभर में नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी है।
शराब ठेकेदारों में दहशत का माहौल
हथियारों के बल पर हुई इस लूट की घटना के बाद क्षेत्र के शराब ठेकेदारों में दहशत का माहौल है। ठेकेदारों ने रात में शराब परिवहन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित कर दी है। फिलहाल पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
यहां हुई थी वारदात
यहां हुई थी वारदात