फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Barwani: आदिवासी अंचल में लगी भीषण आग, तीन मकानों में रखा अनाज, नगदी और 40 मुर्गा मुर्गी सहित सामान हुआ खाक

Mon, 23 Dec 2024 07:31 PM IST
बड़वानी ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बड़वानी

मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के जुलवानिया ब्लॉक अंतर्गत आने वाले ग्रामीण अंचल में देर रात तीन कच्चे मकानों में अचानक भीषण आग लग गई। इस आग ने एक-एक कर तीन मकान को अपनी चपेट में ले लिया, और कुछ ही देर में तीनों ही मकान धूं धूं कर जल उठे। इस हादसे के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें आग की लपटें हवा के साथ ही भभकती हुई दिखाई दे रही हैं। हालांकि सूचना मिलते ही सेंधवा और राजपुर से दमकल के वाहन मौके पर पहुंचे थे, जिन्होंने आग बुझाने की कोशिश तो की, लेकिन जब तक आग बुझती, तब तक तीनों ही मकान खाक हो चुके थे। उनमें रखा सारा सामान भी जलकर राख हो गया था। हालांकि इस आगजनी में कोई मानवीय जनहानि नहीं हुई, वहीं अब तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, और फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

बड़वानी जिले के जुलवानिया थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले दशहरा मैदान में स्थित घटती बस्ती में देर रात अचानक आग लग गई। जानकारी के अनुसार देर रात करीब 12:30 बजे मीरा बाई नाम की एक महिला के कच्चे मकान में अचानक आग लगी थी। घटना के समय सभी आदिवासी परिवार घरों में सोए हुए थे, और वे कुछ समझ पाते तब तक देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। पास के दो और मकान भी आग की चपेट में आ गए। इसके बाद सूचना मिलते ही राजपुर और सेंधवा से फ़ायर फाइटर मौके पर पहुंचे, और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर क़ाबू पाया गया। वहीं आग लगने का सम्भावित कारण शॉर्ट सर्किट होना माना जा रहा है।

पीड़ित बोले- सब कुछ हो गया जलकर खाक
इधर पीड़ित मीरा डाबर ने बताया कि आग कैसे लगी यह तो उन्हें नहीं मालूम, लेकिन इस आग में उनका बहुत नुकसान हो गया और उनके मकान में रखा खाने पीने का सामान और सब कुछ जलकर ख़ाक हो गया। अब वहां कुछ भी नहीं बचा। इस अग्निकांड के एक और पीड़ित सुरेश ने बताया कि वह देर रात अपने घर में सो रहे थे, तभी अचानक आग लग गई। इसमें उनका भी बड़ा नुकसान हुआ है, और उनका सब कुछ जलकर खाक हो गया। उनकी एक मोटरसाइकल और लगभग 40 मुर्ग़ा मुर्गी जल गए, साथ ही घर में रखे नगद पैसे, अनाज, किराना समान, कपड़े सब कुछ जल कर ख़ाक हो गया है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें