अशोकनगर जिले के चंदेरी में स्थित किला कोठी के रास्ते पर तेंदुआ नजर आने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। हालांकि, इसकी प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्टि नहीं की है।
आपको बता दें कि मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले में स्थित चंदेरी के किला कोठी के रास्ते पर तेंदुआ नजर आने के बाद स्थानीय रहवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। क्योंकि जंगल से भटक कर शहरी क्षेत्र में पहुंचा तेंदुआ मौका लगते ही किसी पर भी हमला कर सकता है। हालांकि, यह भी बताया जा रहा है कि यहां अक्सर तेंदुआ देखे जाते हैं। ऐसे में एक बार फिर से तेंदुआ नजर आने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बता दें, चंदेरी मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले की पर्यटन नगरियों में से एक है। जहां पर्यटकों का जमावड़ा लगातार लगा ही रहता है और यहां फिल्मों की शूटिंग भी चलती रहती है। ऐसे में तेंदुआ के यह वायरल वीडियो सामने आने के बाद आसपास के रहवासियों से एहतियात बरतने की अपील की जा रही है।
गौरतलब है कि चंदेरी में कई प्रसिद्ध स्थल हैं। जहां प्रदेश के अलग-अलग हिस्से से सैलानी पहुंचकर आनंद लेते हैं। लेकिन वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा तेंदुआ कुछ देर तक सड़क किनारे रेलिंग के पीछे बैठा रहा। लेकिन वाहन की लाइट उसके ऊपर पढ़ने की वजह से वह झाड़ियों में छुप गया, जिस स्थान पर तेंदुआ दिखाई दिया है। उसी रास्ते से किला कोठी तक पहुंचते हैं। ठीक उसी से लगा हुआ झाड़ियों का इलाका है। उसके दूसरी ओर सिंहपुर घाटी का रास्ता है, जहां इन दोनों ही रास्तों से आने जाने वाले लोगों को तेंदुआ दिखाई देने के बाद जाने में लोग डर रहे हैं।