शहर में चाय के पैसे मांगना एक दुकानदार को भारी पड़ गया। कोतवाली थाना क्षेत्र में चाय की दुकान संचालक 55 वर्षीय राज बहादुर सिंह यादव की दबंगों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट कर दी। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार राज बहादुर सिंह यादव शहर में चाय और सिगरेट की दुकान चलाते हैं। बताया जा रहा है कि कुछ युवक दिनभर उनकी दुकान पर चाय-सिगरेट पीते रहे। जब दुकानदार ने उनसे पैसे मांगे तो इसी बात को लेकर विवाद हो गया। उस समय तो मामला शांत हो गया, लेकिन आरोपियों ने रंजिश पाल ली।
ये भी पढ़ें: Datia News: जलती चिता से छेड़छाड़ कर राख से किया स्नान, अस्थियां घर ले गया युवक, समाज ने हुक्का-पानी बंद किया
रात के समय आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ वापस आए और पहले दुकान पर हंगामा किया। इसके बाद वे जबरन दुकानदार के घर में घुस गए और लाठी-डंडों से हमला कर जमकर पिटाई की। हमले में राज बहादुर सिंह को आंख, हाथ और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह उन्हें बचाया और जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित की शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनका इलाके में जुलूस भी निकाला गया। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।