फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MP News: आगर मालवा पुलिस की राजस्थान में बड़ी कार्रवाई, MD ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़, पांच करोड़ का माल जब्त

Thu, 29 Jan 2026 12:50 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आगर मालवा

जिले की पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान में एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का खुलासा किया और करीब पांच करोड़ का माल जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई कार्रवाई में मादक पदार्थ, केमिकल, हथियार व उपकरण जब्त किए गए हैं। कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक शशि उपाध्याय के नेतृत्व में टीम ने यह सफलता हासिल की। जिसमे 330 ग्राम एमडी ड्रग्स भी जब्त हुई है। प्रेसवार्ता में आगर एसपी विनोद सिंह ने बताया कि 20 जनवरी को कोतवाली पुलिस ने मुखबिर सूचना पर आगर-सुसनेर रोड आमला क्षेत्र से फैजान पिता अब्दुल मन्नान निवासी नुरानी नगर सुसनेर को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 330 ग्राम एमडी ड्रग्स (कीमत लगभग 33 लाख रुपये) तथा एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। इस पर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

पूछताछ में खुला राजस्थान कनेक्शन
आरोपी से पूछताछ में खुलासा हुआ कि मादक पदार्थों की आपूर्ति राजस्थान के झालावाड़ जिले से हो रही थी। इसके बाद 28 जनवरी की रात करीब 80 पुलिसकर्मियों की टीम ने ग्राम घाटाखेड़ी थाना डग जिला झालावाड़ में दबिश दी। दबिश के दौरान आरोपी ताहिर खान के घर पर संदिग्ध गतिविधियां मिलने पर पुलिस ने शाहीर खान (46) और मुनव्वर खान उर्फ राजा (40) निवासी घाटाखेड़ी को गिरफ्तार किया।

करोड़ों की मादक सामग्री व हथियार जब्त
मौके से पुलिस ने स्मैक, एमडी ड्रग्स, केटामाइन केमिकल, 25 नशीले इंजेक्शन, सोडियम कार्बोनेट 5 किलो, अमोनियम नाइट्रेट 7 किलो व ड्रग निर्माण मशीन व ड्रम, 7 मोबाइल फोन, एक जैसी नंबर प्लेट, एक भरमार गन व एक एयर गन जब्त की। कुल सामग्री की कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये आंकी गई है।

ये भी पढ़ें- यूका का जहरीला कचरा छह माह पहले हुआ था भस्म, अब उसकी 900 टन राख हमेशा के लिए दफन

राजस्थान पुलिस ने भी की मदद 
कार्रवाई के दौरान राजस्थान पुलिस का भी सहयोग लिया गया। पूरे ऑपरेशन को शांतिपूर्ण व योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। आगर मालवा पुलिस जीरो टॉलरेंस नीति के तहत जिले सहित अंतर्राज्यीय स्तर पर भी मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई करती रहेगी।


 

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें