उत्तर प्रदेश में मानसून ने दस्तक दे दी है, जिससे किसानों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार खत्म हो गया। तराई क्षेत्र समेत कई जिलों में झमाझम बारिश हुई, जिससे तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। बरेली में सर्वाधिक 157 मिमी और ललितपुर में 106 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। लखीमपुर खीरी, अयोध्या, गोंडा और अंबेडकर नगर सहित कई जिलों में भी अच्छी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में मानसून पूरे उत्तर प्रदेश को कवर कर लेगा, जिससे किसानों और आमजन को राहत मिलेगी।