पीजीआई थाना क्षेत्र के वृंदावन सेक्टर-10 में गुरुवार तड़के पुलिस ने छापेमारी कर बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस के अनुसार, बरामद शराब की बाजार कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके एक साथी की तलाश जारी है। इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर सुबह करीब 4 बजे एक मकान में छापा मारा गया। वहां से 180 मिलीलीटर की एक ब्रांड की 612 बोतलें और दूसरी ब्रांड की 758 बोतलें बरामद की गईं। मौके से कृष्णानगर के आजाद नगर निवासी अनिल वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।