गांधी प्रतिमा पर मंगलवार को संविदा रोडवेज परिचालकों ने अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान परिचालकों ने सरकार और परिवहन विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। प्रदर्शन की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद सभी संविदा परिचालकों को इको गार्डन भेज दिया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि उनकी मांगों पर लंबे समय से कोई सुनवाई नहीं हो रही है, जिसके चलते उन्हें सड़क पर उतरकर विरोध दर्ज कराना पड़ रहा है। वहीं पुलिस और प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की। प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र में कुछ समय के लिए हलचल का माहौल रहा।