बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में शिवलिंग पर लगी चांदी की परत हटाने की मांग को लेकर बुधवार को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट पर कांवड़ियों का प्रदर्शन करीब सात घंटे चला। प्रदर्शन के कारण एक्सप्रेसवे और आसपास की सर्विस लेन पर यातायात प्रभावित रहा। नाराज बैदेही सेना के अध्यक्ष, महामंत्री समेत कई कांवड़ियों ने एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट के नीचे बने डिवाइडर पर ही जलाभिषेक किया और इसके बाद घर लौट गए। वहीं, कई कांवड़िये सर्विस लेन स्थित नागेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे और वहां जलाभिषेक किया। प्रदर्शन को देखते हुए एसीपी, एडीसीपी, डीसीपी और एडीएम पूर्वी समेत भारी पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों ने कांवड़ियों को समझाने का प्रयास किया। करीब सात घंटे बाद प्रदर्शन समाप्त होने पर एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य हो सका।