पहाड़ी क्षेत्रों के बैराजों से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण सरयू नदी एक बार फिर उफान पर है। सिरौलीगौसपुर तहसील क्षेत्र में नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ कटान भी तेज हो गई है। सनावा से लेकर टेपरा गांव के बीच सरयू नदी लगातार उपजाऊ कृषि भूमि को अपने आगोश में ले रही है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। नदी के बढ़ते जलस्तर और तेज कटान से तटीय गांवों के लोग दहशत में हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि पानी का स्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो कटान आबादी तक पहुंच सकती है। प्रभावित क्षेत्रों में लोग हालात पर नजर बनाए हुए हैं और अपने सामान को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की तैयारी भी कर रहे हैं।