अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को हजरतगंज चौराहे पर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मंदिर ट्रस्ट और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए "चंदा चोर, गद्दी छोड़" के नारे लगाए। प्रदर्शनकारी पोस्टर-बैनर लेकर सड़क पर उतरे, जिन पर "दान की पवित्रता बचाओ, पूरा लेखा-जोखा दिखाओ" जैसे संदेश लिखे थे। कई कार्यकर्ता माथे पर तिलक लगाकर और हाथ में श्रीरामचरितमानस लेकर प्रदर्शन करते नजर आए। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे सपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया। इस दौरान हजरतगंज चौराहे पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।