राजधानी के हजरतगंज चौराहे पर आम आदमी पार्टी के छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं का आरोप था कि विभिन्न भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की। हजरतगंज चौराहे पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर बसों के माध्यम से निर्धारित धरना स्थल इको गार्डन भेज दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तब तक छात्रों का आक्रोश जारी रहेगा। वहीं पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित रखते हुए यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की।