लखनऊ के मोहनलालगंज थाने में शनिवार को आयोजित थाना दिवस में राजस्व कर्मचारियों और अन्य संबंधित अधिकारियों के मौजूद न होने से फरियादियों को मायूस होकर लौटना पड़ा। सरकार की मंशा है कि थाना और तहसील दिवस के माध्यम से आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान कराया जाए, लेकिन मोहनलालगंज में व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। थाना दिवस में अपनी जमीन से जुड़े विवाद की शिकायत लेकर पहुंचे गंगाराम ने बताया कि वह काफी उम्मीद के साथ अपनी फरियाद लेकर थाने आए थे। उनका आरोप है कि मौके पर संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद नहीं थे, जिसके कारण उन्हें बिना समाधान के ही वापस लौटना पड़ रहा है। अन्य फरियादियों ने भी संबंधित विभाग के अधिकारियों के न मिलने पर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि थाना दिवस में यदि राजस्व और संबंधित विभाग के कर्मचारी ही मौजूद नहीं रहेंगे तो भूमि विवाद और अन्य मामलों का निस्तारण कैसे होगा। फरियादियों ने अधिकारियों से थाना दिवस में सभी संबंधित कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने की मांग की है।