गोमती नगर स्थित Taj Mahal Lucknow में लेखक गोविंद कुमार सक्सेना की पुस्तक ‘महाकुंभ 2025: श्रद्धालु 66 करोड़ के पार’ का विमोचन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में न्यायमूर्ति संजय कुमार सिंह उपस्थित रहे। उनके साथ उदय प्रताप सिंह, हिमांशु शेखर, मां योग योगेश्वरी तथा रतन मणि लाल ने पुस्तक का विमोचन किया। पुस्तक में महाकुंभ 2025 के आयोजन, श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व भागीदारी और उससे जुड़े विभिन्न आयामों का वर्णन किया गया है। लेखक गोविंद कुमार सक्सेना ने कहा कि यह पुस्तक महाकुंभ की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक महत्ता को रेखांकित करने का प्रयास है। वक्ताओं ने महाकुंभ को भारतीय संस्कृति, आस्था और सनातन परंपरा का विराट प्रतीक बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों का दस्तावेजीकरण आने वाली पीढ़ियों के लिए महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में साहित्य, न्याय, प्रशासन और धर्म जगत से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।