पीजीआई क्षेत्र के हैवत मऊ मवैया में मलिहाबाद थाने में तैनात एसएसआई के बंद घर का ताला तोड़कर बदमाश करीब 25 लाख रुपये के जेवर चोरी कर ले गए। घटना के समय एसएसआई की पत्नी और दोनों बच्चे गांव जाने के बाद विंध्याचल दर्शन के लिए गए हुए थे। शुक्रवार शाम घर लौटने पर चोरी का पता चला। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। मलिहाबाद थाने में तैनात एसएसआई संजय यादव का हैवत मऊ मवैया में मकान है। वह अधिकतर मलिहाबाद में ही रहते हैं, जबकि उनकी पत्नी कविता और दोनों बेटे घर पर रहते हैं। संजय यादव के अनुसार उनकी पत्नी और बच्चे शिवांश 6 व वायु 3 बुधवार को सुलतानपुर स्थित गांव गए थे। वहां से गुरुवार को विंध्याचल दर्शन के लिए चले गए। शुक्रवार शाम करीब चार बजे घर लौटने पर उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे के अंदर के सभी कमरों और अलमारियों के ताले टूटे पड़े थे। घर का सामान बिखरा हुआ था और अलमारी में रखे करीब 30 लाख रुपये के जेवर गायब थे। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर पीजीआई सुनील कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि बदमाश बाउंड्री फांदकर घर में दाखिल हुए हैं। आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं, इसलिए आने-जाने वाले रास्तों के कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।