कुर्सी रोड स्थित एलडीए के सृष्टि अपार्टमेंट में अव्यवस्थाओं से लोग बेहाल हैं। अपार्टमेंट की लिफ्ट आए दिन खराब रहती है। स्ट्रीट लाइट भी नहीं लगी है। पार्किंग में जलभराव की समस्या बनी है। गेट के बाहर ग्रीन बेल्ट बनाने के नाम पर खोदाई कर दी गई। इससे वहां पर गंदगी बढ़ गई है। सृष्टि अपार्टमेंट के रहने वाले पंकज जैन, एलडी पांडेय, लीला पांडेय, नीलम, प्रीति सिंह, विनीता सिंह, नीलिमा, प्रकाश मिश्रा ने बताया कि अपार्टमेंट की जर्जर लिफ्ट आए दिन खराब रहती है। कई बार शिकायत की गई मगर सुनवाई नहीं हुई। अपार्टमेंट में रहने वाले बुजुर्गों ने गेट के बाहर अपने प्रयास से हरियाली विकसित की थी। जिसे एलडीए ने यह कहकर खोद डाला कि वह इसे फिर से बनाएगा, लेकिन चार माह बाद भी कोई भी काम नहीं हुआ। गेट के बाहर शराबियों का जमावड़ा लगने लगा है। इसके अलावा पार्किंग में लाइट की सुविधा ठीक नहीं है। लीकेज का पानी भरा रहता है। आवारा कुत्ते आए दिन बच्चों को शिकार बनाते रहते हैं। लाइट लगाने के लिए कई बार कहा गया मगर काम नहीं हुआ। एलडीए ने महंगे फ्लैट बेचे मगर आवंटियों को जो सुविधाएं मुहैया कराने का वादा किया था वह नहीं मिली। इस बारे में एलडीए उपसचिव माधवेश कुमार का कहना है कि जल्द ही समस्या दूर कराई जाएगी।