ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्ला अली खामनेई की हत्या के विरोध में शिया समुदाय का शोक और विरोध सोमवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। समुदाय के आह्वान पर छोटा इमामबाड़ा समेत शिया दरगाहों के आसपास की दुकानें बंद रहीं, जिससे पूरे इलाके में सन्नाटा सा माहौल दिखाई दिया। बड़ा इमामबाड़ा (भूल भुलैया) भी लगातार दूसरे दिन बंद रहा। आम दिनों में पर्यटकों और स्थानीय लोगों की आवाजाही से गुलजार रहने वाले इमामबाड़ों के आसपास सोमवार को असामान्य शांति नजर आई। बंद बाजारों और सूनी सड़कों ने समुदाय के गम और विरोध को स्पष्ट रूप से दर्शाया। रविवार रात शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जवाद के आह्वान पर हजारों की संख्या में लोग छोटा इमामबाड़ा से लेकर बड़ा इमामबाड़ा तक एकत्र हुए थे। लोगों ने काले कपड़े पहनकर गम का इजहार किया और घटना के विरोध में नारेबाजी की थी। सोमवार को भले ही लोग सड़क पर नहीं उतरे, लेकिन बंद प्रतिष्ठानों और शांत माहौल ने यह संकेत दिया कि समुदाय में घटना को लेकर शोक और नाराजगी अब भी बरकरार है। शाम को समुदाय के लोग शोक में इमामबाड़ों पर मजलिस और मातम का आयोजन अपने-अपने क्षेत्र में करेंगे।