किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को भारतीय किसान यूनियन अंबावता के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना दिया। इस दौरान किसानों ने सरकार से फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी देने समेत नारेबाजी करते हुए कई मांगें उठाईं। धरने के बाद किसानों ने मांगों से संबंधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा। संगठन की प्रमुख मांगों में देशभर के किसानों का संपूर्ण कर्ज माफ करना, किसानों एवं आम जनता के लिए शिक्षा और चिकित्सा की बेहतर एवं निशुल्क व्यवस्था करना शामिल है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में वृद्ध किसानों एवं बुजुर्गों की पेंशन बढ़ाकर पांच हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग की गई। किसानों ने अमेरिकी-भारत व्यापार समझौते का विरोध करते हुए कहा कि इससे किसानों के हित और कृषि क्षेत्र प्रभावित नहीं होने चाहिए। संगठन ने किसानों के हितों की रक्षा और खेती को बचाने के लिए सरकार से मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।