काकोरी के बाबू इंटर कॉलेज से बृहस्पतिवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर निकले स्कूली बच्चों, युवाओं, महिलाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। यात्रा में भाजपा के जिला अध्यक्ष विजय मौर्य, मंडल अध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों से पूरा माहौल राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। आयोजकों ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने और देश की एकता-अखंडता को मजबूत करने की अपील की।विपक्ष की ओर से तिरंगा यात्रा को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर भाजपा जिला अध्यक्ष विजय मौर्य ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि यदि तिरंगा यात्रा के माध्यम से देश को जोड़ने और राष्ट्रीयता को मजबूत करने पर विपक्ष को आपत्ति है, तो भाजपा ऐसे आयोजन करती रहेगी। उन्होंने कहा कि देश को मजबूत बनाने के लिए समाज के हर वर्ग का एकजुट होना जरूरी है।यात्रा में महिलाओं की भी सक्रिय भागीदारी रही। महिला अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि महिलाओं को ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की एकता और राष्ट्रभक्ति के प्रति महिलाओं को जागरूक करना जरूरी है। उन्होंने योगी सरकार में महिलाओं की सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।काकोरी में निकली तिरंगा यात्रा ने बच्चों, युवाओं और महिलाओं को राष्ट्रभक्ति और एकता का संदेश दिया। तिरंगे के साथ निकली यात्रा में गूंजते देशभक्ति के नारों ने पूरे क्षेत्र को देशभक्ति के माहौल में सराबोर कर दिया।