उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रभारी और पूर्व मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने लखनऊ स्थित कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर भाजपा और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। गौतम ने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक की आरक्षण विरोधी छात्रों के साथ हुई प्रेसवार्ता को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की मानसिकता अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़े वर्ग को उनका अधिकार देने की नहीं है। उन्होंने 69 हजार शिक्षक भर्ती मामले का जिक्र करते हुए सवाल किया कि पिछड़े और दलित अभ्यर्थियों का हक मारकर सामान्य वर्ग से सीटें क्यों भरी गईं। उन्होंने जाति जनगणना को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ओबीसी के लिए अलग कॉलम नहीं रखा गया है। कांग्रेस नेता ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना पर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उन्नाव में एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगान के समय सतीश महाना अपनी गाड़ी में बैठकर चले गए। गौतम ने इसे राष्ट्रगान का अपमान बताते हुए पुलिस और प्रदेश सरकार से उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने की मांग की।