बाराबंकी के त्रिवेदीगंज स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में अव्यवस्थाओं को लेकर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। गुरुवार को दर्जनों छात्र परिसर से बाहर निकल आए और सड़क पर विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि विद्यालय में लंबे समय से गुणवत्ताहीन भोजन दिया जा रहा है। इसके अलावा बिजली व्यवस्था चरमराई हुई है और वाटर कूलर भी खराब पड़े हैं, जिससे पेयजल की समस्या बनी हुई है। कई बार शिकायत के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं होने से नाराज छात्रों ने यह कदम उठाया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने नारेबाजी करते हुए विद्यालय प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया और जल्द से जल्द व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की मांग की। सूचना पर पहुंचे स्थानीय प्रशासन और विद्यालय प्रबंधन ने छात्रों को समझाकर शांत कराया और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।