इंदिरा नगर क्षेत्र में मानस विहार की ओर जाने वाली मुख्य सड़क अचानक धंस जाने से वहां बड़ा गड्ढा बन गया। व्यस्त मार्ग होने के कारण स्थानीय लोगों में हादसे की आशंका बढ़ गई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रवासियों ने स्वयं पहल करते हुए गड्ढे के चारों ओर पेड़ की डालियां और लोहे के पाइप/छड़ें लगाकर अस्थायी बैरिकेडिंग कर दी, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को खतरे के प्रति आगाह किया जा सके और किसी दुर्घटना से बचाव हो सके। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क धंसने से रोजाना आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर रात के समय यह गड्ढा अधिक खतरनाक साबित हो सकता है। क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए और स्थायी सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।