गुडंबा। मड़ियांव थाना क्षेत्र के अल्लू नगर में सोमवार देर रात घर में घुसे दो बदमाशों ने महिला को बंधक बनाकर करीब 40 हजार रुपये नकद और सोने के जेवर लूट लिए। वारदात के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। अल्लू नगर निवासी चंद्रिका प्रसाद के अनुसार सोमवार रात करीब दो से ढाई बजे के बीच दो बदमाश उनके घर में घुस आए। उस समय उनकी बहू संगीता कमरे में अकेली सो रही थीं, जबकि पत्नी गीता, बेटे राजकुमार और रोहित मकान की छत पर सो रहे थे। कमरे में आहट होने पर संगीता की नींद खुल गई। आरोप है कि बदमाशों ने लोहे की रॉड दिखाकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी और चुप रहने के लिए मजबूर कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने कमरे में रखी अलमारी से करीब 40 हजार रुपये नकद, एक सोने की चेन और एक सोने की अंगूठी निकाल ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद संगीता ने शोर मचाया, जिस पर पत्नी गीता तथा बेटे राजकुमार और रोहित नीचे पहुंचे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।