सीतापुर रोड स्थित पुरनिया की एलकेएस कॉलोनी में जलभराव और गंदे पानी की आपूर्ति की समस्या को लेकर मंगलवार को समाजवादी पार्टी की पूर्व प्रत्याशी एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता पूजा शुक्ला ने क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। क्षेत्रवासियों ने बताया कि कॉलोनी में पिछले करीब दो महीनों से जलभराव और दूषित पानी की समस्या बनी हुई है। कई बार शिकायत के बावजूद न तो कोई जनप्रतिनिधि और न ही नगर निगम का कोई अधिकारी मौके पर पहुंचा। लोगों ने आरोप लगाया कि गंदे पानी की सप्लाई से बीमारियों का खतरा बढ़ गया है और रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। निरीक्षण के दौरान पूजा शुक्ला ने नगर निगम और संबंधित अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि शुक्रवार तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्रीय जनता के साथ मेयर और नगर निगम कार्यालय का घेराव किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि “जो गंदा पानी क्षेत्र की जनता को सप्लाई किया जा रहा है, वही पानी मेयर और अधिकारियों को भी पिलाया जाएगा, ताकि उन्हें जनता की परेशानी का एहसास हो सके।” दौरे के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे और जल्द समाधान की मांग की।