सुशांत गोल्फ सिटी स्थित चन्द्रा पैनोरामा के 'शिव शक्ति वाटिका मंदिर' में विराजमान श्री हनुमान जी की द्वितीय प्रादुर्भाव वर्षगांठ अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित प्राकट्य दिवस उत्सव में भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ सायंकाल सुंदरकांड पाठ के साथ हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने पूरे भक्ति-भाव से भगवान श्रीराम और संकटमोचन हनुमान जी के भजनों का रसपान किया। इसके बाद आयोजित भव्य भजन संध्या ने पूरे वातावरण को राममय कर दिया। उपस्थित भक्तगण भक्ति रस में सराबोर होकर झूमते दिखाई दिए। भजन संध्या के उपरांत महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने एक स्वर में हनुमान जी की स्तुति कर समाज की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया ।