लखनऊ में बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की समस्या सामने आई है। गोमतीनगर के विजय खंड के पास स्थित उजरियांव गांव में मुख्य सड़क पर पानी भर जाने से स्थानीय निवासियों और राहगीरों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई घरों के बाहर तक पानी जमा होने से लोगों की दैनिक दिनचर्या प्रभावित हो गई है। वहीं, हुसैनाबाद स्थित रईस मंजिल क्षेत्र में भी हल्की बारिश के बाद जलभराव हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि थोड़ी सी बरसात में ही क्षेत्र की सड़कें पानी से भर जाती हैं, जिससे आवाजाही मुश्किल हो जाती है। लोगों ने जलभराव के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी जताई है और नगर निगम से जल्द जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।