अयोध्या इस समय दुर्गा पूजा की भक्ति और उत्साह से सराबोर है। चारों तरफ मां दुर्गा के जयकारे गूंज रहे हैं। बुधवार को महानवमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिरों और पंडालों में उमड़ी रही। बृहस्पतिवार को विजयदशमी पर भव्य शोभायात्रा जीआईसी मैदान से शुरू होगी। शोभायात्रा फतेहगंज, सुभाष नगर, बजाजा चौक, रिकाबगंज और सिविल लाइन से होकर गुजरेगी और गुप्तार घाट के निर्मली कुंड पहुंचेगी, जहां दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। शोभायात्रा के दौरान चौक क्षेत्र में पुष्पवर्षा भी होगी, जिससे माहौल और भी भक्तिमय बनेगा।