समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा जयंत चौधरी के संबंध में दिए गए बयान के विरोध में राष्ट्रीय लोकदल छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को राजधानी में प्रदर्शन किया। छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष अमन पांडे और प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने हजरतगंज स्थित जीपीओ के पास अखिलेश यादव का पुतला फूंककर आक्रोश जताया। प्रदेश अध्यक्ष अमन पांडे ने कहा कि अखिलेश यादव को राजनीतिक विरोध करने का पूरा अधिकार है, लेकिन राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के खिलाफ जिस तरह की बयानबाजी की गई है, वह राजनीतिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है। भविष्य में भी यदि इस प्रकार की अमर्यादित बयानबाजी की गई तो छात्र सभा लोकतांत्रिक तरीके से उसका विरोध करेगी। राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने कहा कि राजनीति में वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन व्यक्तिगत हमले और अपमानजनक भाषा भारतीय लोकतंत्र की स्वस्थ परंपराओं के अनुरूप नहीं है। अखिलेश यादव को अपने बयान पर आत्ममंथन करना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान मनीष तिवारी, अनुपम वर्मा सहित छात्र सभा एवं राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ता मौजूद रहे।