सुल्तानपुर में बृहस्पतिवार रात से शुरू हुई बारिश से मोतिगरपुर के दियरा बाजार से लंभुआ को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग की स्थिति बिगड़ गई। इंटर कॉलेज, दियरा से लगभग 200 मीटर पहले सड़क का हिस्सा धंस गया। इस कारण शुक्रवार से इस मार्ग पर आवागमन ठप हो गया। इससे यात्रियों और क्षेत्रवासियों को कई किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। सितंबर 2024 में भी तेज बारिश के कारण इसी स्थान पर सड़क कट गई थी। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने अस्थाई व्यवस्था की थी। इस बार फिर बारिश ने मिट्टी बहा दी। इससे सड़क धंस गई। सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग की टीम ने जेसीबी मशीन से अस्थाई रूप से मिट्टी समतल करके हल्के वाहनों का मार्ग बहाल किया। लेकिन, भारी वाहन और बसों का आवागमन अभी भी बंद है। एसडीएम जयसिंहपुर प्रभात सिंह ने स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने विभाग को वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। कहा कि समस्या का स्थाई समाधान शीघ्र सरकार को भेजा जाएगा। यह मार्ग प्रमुख धार्मिक शहरों को जोड़ता है। ग्रामीणों ने स्थाई पुल की मांग की है, ताकि हर वर्ष यह समस्या न हो।